अलवर में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक टाटा नेक्सन ईवी कार बीच सड़क पर बंद हो गई और उसे ई-रिक्शा से खींचकर घर ले जाया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, अलवर के काला कुआं क्षेत्र में रहने वाले व्यापारी सुभाष अग्रवाल ने हाल ही में टाटा नेक्सन ईवी खरीदी थी। शुक्रवार को उनकी कार की चार्जिंग खत्म हो गई, जिससे वह ज्योति राव फूले सर्किल पर बीच रास्ते में बंद हो गई। इससे सड़क पर जाम लग गया और लोगों को आवाजाही में दिक्कत होने लगी।
मजबूरी में सुभाष अग्रवाल ने एक ई-रिक्शा को बुलाया। डेढ़ लाख रुपये कीमत वाले ई-रिक्शा चालक ने रस्सी की मदद से कार को खींचते हुए घर तक पहुंचाया। यह दृश्य देखने वालों के लिए हैरान करने वाला था और वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
गौरतलब है कि सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और कंपनियां भी तेजी से नई ईवी गाड़ियां बाजार में उतार रही हैं। हालांकि, अभी भी देशभर में चार्जिंग स्टेशनों की पर्याप्त सुविधा न होने के कारण वाहन चालकों को इस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।




