प्रधानमंत्री मोदी का स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं को बड़ा तोहफा, ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ लागू

प्रधानमंत्री मोदी का स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं को बड़ा तोहफा, ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ लागू

नई दिल्ली। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देश के युवाओं के लिए ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने एक लाख करोड़ रुपये की ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ की शुरुआत का ऐलान किया, जो आज से ही लागू हो गई है। इस योजना से करीब 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह योजना देश के नौजवानों के लिए स्वतंत्रता दिवस का विशेष तोहफा है। योजना के तहत प्राइवेट सेक्टर में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। यह राशि दो किश्तों में सीधे उनके खाते में ट्रांसफर की जाएगी। लाभ पाने के लिए युवाओं को ईपीएफओ में रजिस्टर्ड होना जरूरी है और उनकी मासिक सैलरी एक लाख रुपये से कम होनी चाहिए।

इसके साथ ही, सरकार नौकरी देने वाली कंपनियों को भी प्रोत्साहन देगी। प्रति कर्मचारी 3,000 रुपये प्रतिमाह दो साल तक कंपनियों को दिए जाएंगे, बशर्ते कर्मचारी कम से कम 6 महीने तक नौकरी में बने रहें।

यह योजना खासतौर पर छोटे-मंझोले उद्यमों और मैन्यूफैक्चरिंग, सर्विसेज व टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई है। सरकार का मानना है कि इससे देश में नई नौकरियों के अवसर तेजी से बढ़ेंगे और युवा वर्ग को रोजगार के बेहतर विकल्प मिलेंगे।

Related Post