बिलासपुर। नगर निगम विकास भवन में किए गए घेराव का खामियाजा कांग्रेस पार्षद गायत्री साहू और उनके पति लक्ष्मीनाथ साहू को भुगतना पड़ा है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हंगामा करने, तोड़फोड़ करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में FIR दर्ज की है।
दरअसल, बिलासपुर नगर निगम के तिफरा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मंगलवार को क्षेत्रवासियों ने कांग्रेस पार्षद गायत्री साहू और उनके पति की अगुवाई में विकास भवन का घेराव किया था। प्रदर्शनकारियों ने पानी-बिजली की समस्या और निगम अधिकारियों की कथित अफसरशाही के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भवन के मुख्य द्वार को जाम कर दिया।
इस दौरान पार्षद गायत्री साहू मेयर चैंबर तक पहुंच गईं और वहां खाली मटका फोड़कर विरोध दर्ज कराया। मौके पर प्रदर्शनकारियों और निगम अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में निगम कर्मचारी शेख अमीन ने इस मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांग्रेस पार्षद गायत्री साहू और उनके पति लक्ष्मीनाथ साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन पर हंगामा करने, तोड़फोड़ करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित धारा 126 (2), 221, 329 (4) और 3 (5) के तहत कार्रवाई की गई है।




