ग्वालियर। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती का खौफनाक अंजाम ग्वालियर में सामने आया है। इंस्टाग्राम के जरिए हुई जान-पहचान के बाद एक महिला ब्यूटी पार्लर संचालिका को प्यार और कारोबार बढ़ाने के सपने दिखाकर फंसाया गया। आरोप है कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म, फिर सामूहिक दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाए गए और बाद में उसे ब्लैकमेल किया गया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस जांच शुरू
आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद महिला ने साहस जुटाकर भिंड पुलिस को शिकायत दी। भिंड पुलिस ने मामला जीरो पर दर्ज कर केस डायरी ग्वालियर के महाराजपुरा थाने को भेज दी है। अब महाराजपुरा थाना पुलिस इस मामले में जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती से शुरू हुई मुलाकातें
जानकारी के अनुसार, भिंड जिले की रहने वाली महिला की करीब पांच महीने पहले भिंड मेहगांव निवासी राज जाटव से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ने पर उसने महिला से मोबाइल नंबर ले लिया और नजदीकी बनाने के लिए उसकी बस्ती में कमरा किराए पर ले लिया, जहां दोनों की मुलाकातें होने लगीं।
कारोबार बढ़ाने के नाम पर धोखा
पीड़िता ब्यूटी पार्लर चलाती है। इसी का फायदा उठाते हुए राज ने उसे कारोबार बढ़ाने का झांसा दिया। महिला पर भरोसा जमाने के लिए उसने ग्वालियर में कारोबार शुरू करने की बात कही। महिला ने भरोसा करते हुए राज को बाइक भी दिलाई, जिसका डाउन पेमेंट 20,500 रुपये खुद किया और किश्त भी चुकाने लगी।
गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग
आरोप है कि 15 जुलाई को राज और उसका फुफेरा भाई शिवम महिला का सामान भिंड से ग्वालियर ले आए और महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर में किराए का कमरा लेकर उसे वहां रखा। उसी रात राज ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। कुछ दिनों बाद राज और शिवम दोनों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और इस दौरान अश्लील वीडियो व फोटो भी बना लिए।
ससुराल वालों को बताई आपबीती
पीड़िता ने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर पति और ससुराल वालों को पूरी घटना बताई और फिर पुलिस से शिकायत की। फिलहाल महाराजपुरा थाना पुलिस केस डायरी के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।




