जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदरभद्रा बस्ती में एक युवक ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद शव को कई टुकड़ों में काट दिया। इसके बावजूद आरोपी मौके पर ही बैठकर गाना गाता रहा।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक का नाम जीत राम यादव और उसकी मां का नाम गुल बाई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हत्या के बाद भी जीत राम लाश के पास बैठा रहा और गाना गा रहा था, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलने पर कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी हाथ में कुल्हाड़ी लेकर किसी को भी पास नहीं आने दे रहा था और सामने आने वाले किसी को भी कुल्हाड़ी से डराता। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जीत राम यादव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवार ने बताया कि वह कुछ समय पहले केरल में काम करता था, तभी से उसकी मानसिक हालत बिगड़ने लगी थी। इसी कारण उसे दो दिन पहले ही कुनकुरी बुलाया गया था। घटना के समय घर में अन्य परिजन भी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जशपुर पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर गई और बेहद विभत्स दृश्य देखा। हत्या के बाद आरोपी काफी आक्रामक था, जिसे पकड़ने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक जांच में मानसिक बीमारी, नशे की स्थिति और पारिवारिक विवाद को ध्यान में रखकर उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




