छत्तीसगढ़ में अक्टूबर की शुरुआत बारिश के साथ, अगले तीन दिनों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में अक्टूबर की शुरुआत बारिश के साथ, अगले तीन दिनों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी
छत्तीसगढ़ में अक्टूबर की शुरुआत बारिश के साथ, अगले तीन दिनों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अक्टूबर महीने की शुरुआत बारिश के साथ हुई है और मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज भी भारी बारिश की संभावना जताई है। सबसे ज्यादा असर दक्षिणी जिलों में देखने को मिल सकता है। विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की है, जिसमें कई इलाकों में भारी वर्षा और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

सिनोप्टिक सिस्टम का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक चिन्हित निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण 9.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और अगले 12 घंटों में और अधिक प्रबल होकर अवदाब के रूप में विकसित होने की संभावना है। इसके आगे गहरा अवदाब बनते हुए यह 3 अक्टूबर की सुबह दक्षिण उड़ीसा और उत्तर आंध्र तट को पार कर सकता है।

तीन दिन तक रहेगा बदला मौसम
इस प्रणाली के प्रभाव से आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और बिजली गिरने का खतरा है। मौसम विभाग ने 3 और 4 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में 3 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी और कुछ स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की आशंका है। तेज हवाओं के कारण खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी है। वहीं 4 अक्टूबर को राज्य के मध्य हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।

रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related Post