दिवाली पर अयोध्या जाने वालों के लिए खुशखबरी: स्पाइसजेट शुरू करेगी स्पेशल नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स

दिवाली पर अयोध्या जाने वालों के लिए खुशखबरी: स्पाइसजेट शुरू करेगी स्पेशल नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स

दिल्ली। भगवान श्रीराम की नगरी, रामलला मंदिर के भव्य उद्घाटन के बाद से देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बन चुकी है। रोजाना हजारों भक्त दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं, वहीं आगामी दिवाली पर श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि आने वाले यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

इसी बीच स्पाइसजेट एयरलाइन ने दिवाली पर श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह 8 अक्टूबर 2025 से अयोध्या के लिए स्पेशल नॉन-स्टॉप दिवाली फ्लाइट्स शुरू करने जा रही है। शुरुआत में दिल्ली, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद से रोजाना सीधी उड़ानें संचालित की जाएंगी, जबकि मुंबई से फ्लाइट शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है।

स्पाइसजेट ने बताया कि दिवाली के अवसर पर अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। एयरलाइन यात्रियों को सुविधाजनक समय और किफायती किराये पर यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराएगी। कंपनी ने कहा कि जल्द ही फ्लाइट शेड्यूल और टिकट बुकिंग की जानकारी उसकी आधिकारिक वेबसाइट और प्रमुख ट्रैवल पोर्टल्स पर साझा की जाएगी।

अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से फिलहाल दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, हैदराबाद और हिसार के लिए सीधी उड़ानें संचालित हो रही हैं। अब स्पाइसजेट के इस कदम के बाद उम्मीद की जा रही है कि अन्य एयरलाइंस कंपनियां भी अयोध्या के लिए विशेष फ्लाइट सेवाओं की घोषणा कर सकती हैं।

Related Post