बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : तारीखें तय, बीजेपी ने प्रत्याशियों को लेकर किया मंथन

दिल्ली विधानसभा चुनाव
दिल्ली विधानसभा चुनाव

पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका हैं। ऐलान के साथ ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में तय हुआ कि राज्य में दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को। मतगणना 14 नवंबर को होगी। चुनाव आयोग की इस घोषणा के बाद सभी दल अपनी राजनीतिक रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।

बीजेपी ने भी प्रत्याशी चयन को लेकर पटना में दो दिवसीय बैठक आयोजित की। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री और बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह-प्रभारी सीआर पाटिल तथा राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े मौजूद रहे। बैठक में सभी सीटों पर पार्टी की स्थिति और संभावित उम्मीदवारों पर विस्तार से चर्चा हुई। रिपोर्ट तैयार कर दिल्ली हाईकमान को सौंप दी गई है, जहां अब अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

धर्मेंद्र प्रधान ने बैठक के बाद कहा कि जिन विधायकों का प्रदर्शन बेहतर रहा है, उन्हें दोबारा मौका दिया जाएगा। वहीं जहां असंतोष या कमजोर प्रदर्शन की शिकायतें मिली हैं, वहां नए उम्मीदवारों पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी महिलाओं और युवाओं को अधिक अवसर देने के पक्ष में है।

प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि राज्य चुनाव समिति ने वर्तमान में पार्टी की 60 सीटों पर मंथन किया है। 2020 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से 75 सीटें जीती थीं। इस बार पार्टी उन चेहरों को प्राथमिकता देगी जिनका प्रदर्शन मजबूत रहा है, जबकि कमजोर और विवादित नेताओं को बदला जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व 21 पुराने चेहरों की जगह नए उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की तैयारी में है। वहीं, दो पूर्व सांसदों को भी टिकट देने की संभावना जताई जा रही है। कई वरिष्ठ नेताओं के नाम उम्र और प्रदर्शन के कारण काटे जा सकते हैं। अब अंतिम फैसला दिल्ली में पार्टी हाईकमान करेगा।

Related Post