मुंबई। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर को 83 वर्ष के हो जाएंगे। उनके जन्मदिन का जश्न इस बार कौन बनेगा करोड़पति 17 के मंच पर खास अंदाज में मनाया गया। शो में फिल्ममेकर फरहान अख्तर और गीतकार जावेद अख्तर मेहमान के रूप में पहुंचे, जिन्होंने बिग बी के साथ यादगार पल साझा किए। कार्यक्रम के दौरान अमिताभ ने केक काटा और दर्शकों के बीच उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। मगर इस जश्न की सबसे भावुक घड़ी तब आई, जब मंच पर उनकी मां तेजी बच्चन की आवाज गूंजी।
मां की याद में भावुक हुए बिग बी
शो के दौरान तेजी बच्चन का एक पुराना ऑडियो संदेश सुनाया गया, जिसमें वे अपने बेटे अमिताभ की प्रशंसा करते हुए गर्व जता रही थीं। उन्होंने कहा कि, “मैं बहुत सौभाग्यशाली हूं। आज जहां भी जाती हूं, लोग मेरे बेटे की वजह से मुझे पहले से ज्यादा स्नेह और सम्मान देते हैं। एक मां के लिए इससे बड़ा सुख कुछ नहीं।”
मां की यह आवाज सुनते ही अमिताभ बच्चन की आंखें नम हो गईं। उन्होंने अपने भाव छिपाने की कोशिश की, लेकिन कैमरे पर उनकी संवेदना साफ झलक रही थी। इस भावुक पल को देखकर फैंस भी इमोशनल हो गए और सोशल मीडिया पर बिग बी को जन्मदिन की बधाइयों की बाढ़ आ गई।
इस खास एपिसोड का टेलीकास्ट 10 अक्टूबर को किया जाएगा। वहीं, 83 की उम्र में भी अमिताभ बच्चन लगातार फिल्मों में सक्रिय हैं। उनकी आने वाली फिल्मों में ‘कल्कि 2898 ए.डी. पार्ट 2’, ‘ब्रह्मास्त्र 2’, ‘द इंटर्न’ और ‘सेक्शन 84’ शामिल हैं।




