नई दिल्ली। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार और आगामी बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) में बीजेपी के स्टार प्रचारक पवन सिंह (Pawan Singh) को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने Y कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की है। यह सुरक्षा इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर बढ़ाई गई है।
मिली जानकरी के अनुसार, पवन सिंह (Pawan Singh) की सुरक्षा के लिए CRPF के प्रशिक्षित कमांडो तैनात किए जाएंगे। Y कैटेगरी सुरक्षा में आम तौर पर 8 से 11 सुरक्षा कर्मी शामिल होते हैं, जो व्यक्ति की निजी सुरक्षा, यात्रा, इवेंट और सार्वजनिक उपस्थिति के दौरान उनके साथ रहते हैं। पवन सिंह के मामले में यह जिम्मेदारी CRPF की विशेष यूनिट को सौंपी गई है, जो उन्हें पूरे देश में सुरक्षा मुहैया कराएगी।
Read Also- महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप घोटाला: 12 आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत
बता दें की बीते सितंबर माह में बाबा खान (Baba Khan) के गुंडों ने पवन सिंह को खुलेआम धमकी दी थी। धमकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें गुंडों ने कहा था कि “दम है तो बाबा खान के सामने आकर कुछ बोलकर दिखाओ।” इस गंभीर खतरे का आकलन इंटेलिजेंस ब्यूरो ने किया और अपनी रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भेजी।
राजनीति में भी सक्रिय पवन सिंह (Pawan Singh) इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, जिससे बीजेपी को नुकसान उठाना पड़ा। अब पार्टी ने उन्हें अपने पाले में शामिल कर लिया है और बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक के रूप में रणनीति बनाई है।




