छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, एग्रीस्टैक पोर्टल से होगा पंजीकरण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की है कि खरीफ विपणन सत्र 2024-25 के लिए प्रदेश में धान खरीदी 15 नवंबर 2025 से शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जाएगा और प्रति एकड़ औसतन 21 क्विंटल धान की खरीद सुनिश्चित की जाएगी।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने किसानों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बना दिया है। इसके लिए एग्रीस्टैक पोर्टल का उपयोग अनिवार्य किया गया है। किसानों की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1030 भी जारी किया गया है। अब तक 21.47 लाख किसान पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि बाकी किसान 31 अक्टूबर 2025 तक नजदीकी केंद्र या सहकारी समिति में पंजीकरण करा सकते हैं।

पिछले खरीफ सत्र में राज्य ने 149.25 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की थी। इसमें मोटा धान 81.98 लाख, पतला धान 10.75 लाख और सरना धान 56.52 लाख मीट्रिक टन शामिल था। उस दौरान 25.49 लाख किसानों को कुल 31,089 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया था। महासमुंद, बेमेतरा और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले सबसे आगे रहे थे।

राज्य सरकार का कहना है कि एग्रीस्टैक पोर्टल से इस बार की धान खरीदी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और किसान हितैषी होगी।

Related Post