रायपुर। देशभर में करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। राजधानी रायपुर में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में निर्जला व्रत रखा, माता पार्वती की पूजा कर पतियों की दीर्घायु की कामना की। कहीं धार्मिक अनुष्ठान हुए, तो कहीं संगीत व रोशनी से सजी शामों ने आधुनिक रंग भरा।
पंजाबी केसरी भवन में भव्य पूजा
जोरा स्थित पंजाब केसरी भवन में पंजाबी समाज ने करवा चौथ पूजा का आयोजन किया। सैकड़ों महिलाएं गुलाबी-नीली साड़ियों, मेहंदी-रंगी हथेलियों और सज्जित थालियों के साथ एकत्र हुईं। दिनभर व्रत रखने के बाद कथा-पाठ व आरती के माध्यम से चंद्र दर्शन कर व्रत समाप्त किया। कार्यक्रम में हाउजी, लकी ड्रॉ जैसे खेल आयोजित हुए, जिनके विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। विशेष श्रेणियों में सम्मानित हुए ‘अर्ली बर्ड्स’, ‘बेस्ट ड्रेस’, ‘करवा चौथ क्वीन’ तथा पहले, 25वें व 50वें करवा चौथ पर जोड़े। प्रतिभागी अलीशा, व्रती तथा तृषा-सौरभ हांडा ने इसे “प्यार और विश्वास का प्रतीक” बताया।
SN पैलेस में ‘करवा चौथ नाइट 2025’
SN पैलेस में हैप्पी फैमिली ग्रुप ने ‘करवा चौथ नाइट 2025’ का भव्य समारोह आयोजित किया। सैकड़ों जोड़े शामिल हुए कुछ का पहला, तो कुछ का 40वां करवा चौथ। शाम संगीत, डिनर व लकी ड्रॉ से सराबोर रही, जहां विजेता महिला को हीरे की अंगूठी तथा पुरुष को सोने का सिक्का भेंट किया गया। चंद्र दर्शन के बाद व्रत समाप्ति पर जोड़ों ने यादगार पल कैद किए। आयोजक जेपी-संजय अग्रवाल तथा प्रतिभागी पूजा-दीपक अग्रवाल ने कहा, “यह व्रत रिश्तों में प्यार, विश्वास व अपनापन बढ़ाता है।”




