रायपुर। बिलासपुर में राजस्व विभाग की बैठक के दौरान अनुशासनहीन व्यवहार के कारण ग्राम खमतराई के पटवारी रमेश कुमार वैष्णव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई बिलासपुर के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) मनीष साहू ने शुक्रवार को आयोजित विभागीय बैठक में की।
जानिए क्या है पूरा मामला
शुक्रवार सुबह एसडीएम मनीष साहू अपने अनुभाग के पटवारियों की बैठक ले रहे थे। इस दौरान हल्का नंबर 25, ग्राम खमतराई के पटवारी रमेश कुमार वैष्णव निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचे। जब उनसे देरी का कारण पूछा गया, तो उन्होंने अपमानजनक लहजे में जवाब दिया, “नहीं बताऊंगा, जो करना है कर लो।” इसके बाद, जब एसडीएम ने उन्हें खड़े होकर जवाब देने का निर्देश दिया, तो पटवारी ने कहा, “मैं चेयर पर बैठूंगा, खड़ा नहीं होऊंगा,” और निर्देश की अवहेलना की।
निलंबन और प्रभार हस्तांतरण
पटवारी के इस अनुशासनहीन व्यवहार पर एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। बैठक कक्ष से बाहर जाने के निर्देश का भी वैष्णव ने पालन नहीं किया और कक्ष में बैठे रहे। निलंबन आदेश के बाद उनके दायित्वों का प्रभार पटवारी विकास जायसवाल को सौंपा गया।
प्रशासनिक चर्चा
पटवारी रमेश कुमार वैष्णव का यह व्यवहार प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। एसडीएम द्वारा त्वरित कार्रवाई को अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक कड़ा कदम माना जा रहा है।




