नई दिल्ली। इस बार धनतेरस का पर्व 18 अक्टूबर को मनाया जाएगा। धनतेरस के दिन सोना-चांदी, भूमि, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य मूल्यवान वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है। इस वर्ष धनतेरस और दिवाली से पहले 14 और 15 अक्टूबर को पुष्य नक्षत्र का विशेष योग बन रहा है, जो 24 घंटे 6 मिनट तक रहेगा। इस दौरान सिद्ध और साध्य योग भी रहेगा, जिससे खरीदी का यह समय अत्यंत शुभ माना जा रहा है।
हर साल दीपावली से लगभग सात दिन पहले पुष्य नक्षत्र आता है और इसी दिन से लोग त्योहार की तैयारियों के साथ खरीदारी शुरू करते हैं। इस दिन नया व्यवसाय शुरू करना या कोई नई संपत्ति खरीदना भी शुभ माना जाता है।
रियल एस्टेट में निवेश का उत्तम अवसर
पंचांग के अनुसार, 14 अक्टूबर को दोपहर 11 बजकर 54 मिनट से 15 अक्टूबर को दोपहर 11 बजकर 59 मिनट तक पुष्य नक्षत्र रहेगा। ज्योतिष मान्यता के अनुसार यह समय सोना, चांदी और भूमि निवेश के लिए अत्यंत फलदायी होता है। इस अवधि में रियल एस्टेट में किया गया निवेश लंबे समय तक लाभ देने वाला रहेगा।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार पुष्य नक्षत्र 27 नक्षत्रों में आठवें स्थान पर आता है और इसकी राशि कर्क होती है। इसे सभी नक्षत्रों में सबसे शुभ, पवित्र और पुण्यदायी माना जाता है।
पुष्य नक्षत्र के शुभ मुहूर्त
14 अक्टूबर को लाभ का चौघड़िया मुहूर्त सुबह 11 बजकर 54 मिनट से 12 बजकर 10 मिनट तक रहेगा। अमृत का चौघड़िया दोपहर 12 बजकर 11 मिनट से 1 बजकर 36 मिनट तक रहेगा। शाम को लाभ का चौघड़िया मुहूर्त 7 बजकर 29 मिनट से 9 बजकर 03 मिनट तक रहेगा। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 54 मिनट से दोपहर 12 बजकर 34 मिनट तक रहेगा।
15 अक्टूबर को लाभ का चौघड़िया मुहूर्त सुबह 6 बजकर 24 मिनट से 7 बजकर 50 मिनट तक रहेगा। अमृत का चौघड़िया सुबह 7 बजकर 51 मिनट से 9 बजकर 17 मिनट तक रहेगा, जबकि शुभ का चौघड़िया सुबह 10 बजकर 43 मिनट से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।




