रायपुर। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस में धर्मांतरण और चंगाई सभा को लेकर समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को कहा कि धर्मांतरण के खिलाफ जल्द ही देश का सबसे सशक्त कानून लाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि चंगाई सभा बंद होना चाहिए, क्योंकि यह लोगों को भ्रमित करने के लिए आयोजित की जाती है।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ जिलों के पुलिस अधीक्षकों को फटकार लगाई थी। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिन अधिकारियों का परफॉर्मेंस संतोषजनक नहीं है, उन्हें सुधारने का अंतिम मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सुधार नहीं होता है तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बिहार चुनाव में भाजपा नेताओं के यात्रा पर कांग्रेस के बयान पर पलटवार करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि पदयात्रा का विषय ठीक है, लेकिन कांग्रेस को यह भी बताना चाहिए कि उनके पदयात्रा का परिणाम क्या रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की रणनीति पर कांग्रेस को टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी और सीटों का बंटवारा पूरी तरह से तय हो चुका है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी ताकत से चुनाव में जीत सुनिश्चित करने में लगी है और तंज कसते हुए कहा कि अब देखना यह है कि विपक्ष अपने प्रयासों में कितने सफल होंगे।



