रायपुर। दीपावली पर्व से पहले बिजली विभाग द्वारा 33 केवी लाइन में संधारण कार्य किए जाने के कारण 16 अक्टूबर की शाम को शहर के लगभग 75 प्रतिशत हिस्सों में जल आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान 6 घंटे का शटडाउन लिया जाएगा, जिससे फिल्टर प्लांट की बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी और शहर की 42 पानी टंकियां नहीं भर पाएंगी।
नगर निगम जल विभाग के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि 80 एमएलडी, 150 एमएलडी और नया 80 एमएलडी प्लांट से जल प्राप्त करने वाली टंकियां इससे प्रभावित होंगी। सुबह नियमित जल आपूर्ति के बाद प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक शटडाउन रहेगा। संधारण कार्य पूरा होने के बाद निगम का जल विभाग शाम 5 बजे से प्रभावित टंकियों को भरना शुरू करेगा। इसके बाद 17 अक्टूबर की सुबह से नियमित जल आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
ये क्षेत्र रहेंगे प्रभावित
डगनिया, गंज, गुढियारी, राजेन्द्र नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, ईदगाहभाठा पुरानी टंकी, श्याम नगर, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, ईदगाहभाठा, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मण्डी, मोवा, सड्डू, दलदल सिवनी, रामनगर, कैचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, भनपुरी नया, रायपुरा, कुकुरबेडा, बैरन बाजार नया, देवेन्द्र नगर नया, संजय नगर और मोतीबाग टंकी क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
टैंकर से होगी वैकल्पिक व्यवस्था
नगर निगम ने बताया कि शाम के समय जल आपूर्ति बाधित रहने पर प्रभावित इलाकों में जोन कार्यालयों के माध्यम से पानी टैंकर की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे 16 अक्टूबर की सुबह की जल आपूर्ति के दौरान शाम के उपयोग हेतु पर्याप्त पानी सुरक्षित रख लें।
अन्य जलागारों से जलप्रदाय यथावत
शहर के अन्य जलागारों और पावर पंपों से जलप्रदाय यथावत रहेगा, वहां किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी।




