रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेताओं की ड्यूटी लगाए जाने को लेकर भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बयान ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। इस पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखा पलटवार करते हुए भाजपा पर वोट खरीदी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
दीपक बैज ने कहा कि बिहार की जनता अब पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है और परिवर्तन चाहती है। उन्होंने कहा, कांग्रेस लगातार वोट चोरी के खिलाफ लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ रही है, जबकि भाजपा ने अब वोट खरीदी अभियान शुरू कर दिया है। इसी मिशन के तहत छत्तीसगढ़ से भाजपा नेताओं को बिहार भेजा जा रहा है।
बैज ने तीखे लहजे में कहा, वे बिहार के प्रभारी बनकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, लेकिन असली मकसद भ्रष्टाचार से कमाए गए धन को चुनाव में खर्च करना है।
नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर सवाल, बैज बोले- सच सामने लाए सरकार
दीपक बैज ने नक्सलियों के आत्मसमर्पण को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सब जानते हैं आत्मसमर्पण की प्रक्रिया किस तरह होती है। भाजपा के 15 साल के शासनकाल में भी यही सिलसिला चलता रहा।
बैज ने सरकार से मांग की कि अब तक जितने भी नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, उनका पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाए, ताकि जनता सच्चाई जान सके।
बिजली बिल वृद्धि पर कांग्रेस का हल्ला बोल
बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी को लेकर आज कांकेर कलेक्टरेट में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि सरकार जनता की गाढ़ी कमाई लूटने का काम कर रही है। कांग्रेस जनता के हक के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।




