बालोद। छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय, बालोद में पदस्थ दो बाबुओं को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बाबुओं ने CMHO कार्यालय में पदस्थ वाहन चालक मुकेश कुमार यादव से 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता मुकेश यादव ने एसीबी रायपुर में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि पहले उसका डिमोशन कर उसे चौकीदार पद पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गुरुर में पदस्थ किया गया था। इस आदेश के खिलाफ उसने बिलासपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जहां से उसे स्टे आदेश प्राप्त हुआ। कोर्ट के आदेश के बाद जब वह फिर से वाहन चालक के पद पर बहाल हुआ, तब सर्विस बुक सत्यापन और एरियर भुगतान के नाम पर दोनों बाबुओं ने उससे 50 हजार रुपए की मांग की।
प्रार्थी के अनुसार, आरोपियों ने पहले ही 20 हजार रुपए एडवांस के रूप में ले लिए थे और शेष 30 हजार रुपए गुरुवार को देने के लिए कहा गया था। एसीबी की टीम ने शिकायत की पुष्टि करने के बाद ट्रैप की योजना बनाई। तय समय पर जब शिकायतकर्ता ने दोनों आरोपियों को 15-15 हजार रुपए (कुल 30 हजार) की राशि दी, तभी एसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
एसीबी की कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। एसीबी की टीम ने मौके से महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं। मामले की विस्तृत जांच रायपुर स्थित एसीबी कार्यालय द्वारा की जा रही है।




