फिलीपींस के दक्षिणी क्षेत्र मिंडानाओ में शुक्रवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप केंद्र (NCS) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.0 मापी गई। यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 4:33 बजे (स्थानीय समयानुसार 7:03 बजे) आया।
स्थानीय आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति का आकलन किया जा रहा है और संभावित आफ्टरशॉक्स की निगरानी की जा रही है।
यह भूकंप मिंडानाओ में पिछले सप्ताह आए दो शक्तिशाली झटकों के बाद आया है। 10 अक्टूबर को यहां 7.4 और 6.8 तीव्रता के दो भूकंप दर्ज किए गए थे, जिनमें सात लोगों की मौत हुई थी। भूकंप के बाद कई क्षेत्रों में भूस्खलन हुआ था और निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया था।




