बरेली। विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने रविवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि पूरे देश में बुर्का पहनने पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान बुर्के की आड़ में बड़े पैमाने पर फर्जी मतदान होता है। बिहार चुनाव में बुर्का पहनी महिलाओं की विशेष चेकिंग के चुनाव आयोग के फैसले का उन्होंने स्वागत किया।
साध्वी प्राची ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा ने पूर्व मंत्री आजम खान को बिहार चुनाव का स्टार प्रचारक बनाकर यह साबित कर दिया है कि वह हिंदू और हिंदुत्व विरोधी पार्टी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पहले कभी आजम खान से जेल में नहीं मिले, लेकिन अब उनके प्रति अचानक संवेदना दिखा रहे हैं, जिससे कई सवाल उठते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के कारण शांति और कानून व्यवस्था बनी हुई है। सितंबर में बरेली में जो स्थिति बनी थी, उसमें शहर को अशांति से बचाने के लिए उन्होंने पुलिस और प्रशासन की सराहना की।
आल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी पर टिप्पणी करते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि उन्हें अपनी सोच बदलनी चाहिए। उन्होंने विवादित बयान में कहा कि नाबालिग बच्चे जब पुलिस पर पथराव करते हैं, तो ऐसी प्रवृत्तियों को रोकने के लिए कठोर कदम उठाने होंगे।
मुरादाबाद के मदरसे में मौलाना द्वारा 13 वर्षीय बच्ची से वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगने की घटना पर साध्वी प्राची ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि ऐसे मदरसों में विदेशी फंडिंग की जांच की जानी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।




