वोटर लिस्ट को लेकर हलचल: चुनाव आयोग की अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस, क्या कई राज्यों में शुरू होगा SIR अभियान ?

नई दिल्ली। भारतीय निर्वाचन आयोग अब बिहार की तर्ज पर पूरे देश में अखिल भारतीय विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चलाने की तैयारी में है। इस संबंध में आयोग सोमवार को एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिन राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, वहां यह अभियान प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार शाम 4:15 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग एसआईआर अभियान की औपचारिक घोषणा करेगा। इस दौरान आयोग देश के 10 से 15 राज्यों में यह अभियान शुरू करने की योजना पर जानकारी दे सकता है। माना जा रहा है कि पहले चरण में असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों को शामिल किया जाएगा, जहां वर्ष 2026 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

चुनाव आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि एसआईआर अभियान उन सभी राज्यों में चलाया जाएगा, जहां मतदाता सूची को अद्यतन और शुद्ध करने की आवश्यकता है। बिहार में भी विधानसभा चुनाव से पहले इसी तरह का अभियान चलाया गया था। आयोग की योजना है कि अब आगामी चुनावों से पहले हर राज्य में क्रमवार तरीके से यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

गौरतलब है कि बिहार में एसआईआर अभियान के दौरान राजनीतिक विवाद भी खड़ा हुआ था। विपक्षी दलों, विशेषकर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे और इसे ‘वोट चोरी’ की साजिश करार दिया था। बावजूद इसके, चुनाव आयोग ने अपनी प्रक्रिया जारी रखी और बिहार की मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पूरा किया। लगभग 7.42 करोड़ नामों वाली अंतिम सूची 30 सितंबर को प्रकाशित की गई थी। इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई भी चल रही है।

आयोग की आगामी घोषणा के बाद एक बार फिर देशभर में राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है, क्योंकि यह कदम कई राज्यों के आगामी चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

Related Post