छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के विरोध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने 31 अक्टूबर को रायपुर महाबंद का किया ऐलान

रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा स्थित वीआईपी चौक में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की घटना को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। पार्टी ने इस घटना के विरोध में राज्योत्सव से एक दिन पहले 31 अक्टूबर को रायपुर महाबंद का आह्वान किया है। इस संबंध में पार्टी ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर राज्य सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जोहार पार्टी ने कहा कि यह घटना 23 अक्टूबर के आसपास दिनदहाड़े हुई थी, जिसे प्रशासन द्वारा छिपाने का प्रयास किया गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि कुछ छत्तीसगढ़ विरोधी तत्व योजनाबद्ध तरीके से राज्य की आस्था और अस्मिता को ठेस पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करना न केवल धार्मिक भावनाओं का अपमान है, बल्कि प्रदेश की पहचान पर भी सीधा प्रहार है।

पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि तेलीबांधा की यह घटना समूचे छत्तीसगढ़ को आक्रोशित करने वाली है। राज्योत्सव से ठीक पहले की गई इस हरकत को अक्षम्य अपराध बताया गया है। पार्टी ने कहा कि इस घटना के विरोध में 31 अक्टूबर, शुक्रवार को रायपुर में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से महाबंद आयोजित किया जाएगा, ताकि राज्य अस्मिता और छत्तीसगढ़िया संस्कृति की रक्षा का संदेश दिया जा सके।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने राजधानी के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, कर्मचारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे इस बंद को सफल बनाएं और छत्तीसगढ़ राज्य की गरिमा एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए एकजुटता प्रदर्शित करें। पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की जल्द पहचान कर उन्हें सख्त सजा दी जाए।

Related Post