दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही जीजा की सिलबट्टे से हत्या कर दी। आश्चर्य की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि खुद थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। यह घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक राजकुमार वर्मा अपने साले गोविंदराज के घर अमरूद तोड़ने पहुंचे थे। घर पर मौजूद गोविंदराज की पत्नी ने कहा कि वह खुद अमरूद तोड़कर ला देगी, लेकिन राजकुमार ने उसकी बात नहीं मानी और अंदर चले गए। इसी बात पर गोविंदराज नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने झगड़े का रूप ले लिया।
मामला बढ़ने पर राजकुमार के पास मौजूद डंडा गोविंदराज ने छीनकर फेंक दिया। इसके बाद वह घर के अंदर गया और वहां रखे सिलबट्टे से राजकुमार के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर भारी चोट लगने से राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
हत्या करने के बाद गोविंदराज ने फरार होने के बजाय सीधे पद्मनाभपुर थाना जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




