कैंब्रिजशायर। ब्रिटेन के कैंब्रिजशायर में शनिवार शाम एक यात्री ट्रेन में चाकूबाजी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। चाकू से कई लोगों पर हमला किया गया, जिससे यात्री दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेन को हंटिंगडन स्टेशन पर रोककर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।
कैंब्रिजशायर कॉन्स्टेबुलरी ने बताया कि ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस (BTP) के साथ मिलकर घटना की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, स्थानीय समयानुसार शाम 7:39 बजे ट्रेन में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सशस्त्र अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रेन को रोककर कार्रवाई की गई।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीयर स्टार्मर ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने घायलों के प्रति संवेदना जताई और इमरजेंसी सर्विस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
गृह सचिव शबाना महमूद ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जांच शुरुआती चरण में है, इसलिए किसी भी तरह की अटकलों से बचा जाए। उन्होंने बताया कि दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जानकारी लगातार ली जा रही है।
ईस्ट ऑफ इंग्लैंड एम्बुलेंस सर्विस ने बताया कि मौके पर कई एम्बुलेंस, कमांडर और हेजर्डस एरिया रिस्पॉन्स टीम भेजी गई। दो एयर एम्बुलेंस सेवाओं ने भी राहत कार्यों में सहयोग दिया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
शैडो गृह सचिव क्रिस फिल्प ने कहा कि यह हमला एक संगठित हिंसक घटना प्रतीत होती है। उन्होंने सरकार और पुलिस से जल्द से जल्द विस्तृत जानकारी जारी करने की मांग की।
घटना के बाद हंटिंगडन नगर की ओर जाने वाली सड़कों और लंदन एंड नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (LNER) की ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ा है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है।




