जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। हादसा हरमाड़ा थाना क्षेत्र के लोहा मंडी इलाके में उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार डंपर ने एक के बाद एक 17 गाड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई मृतकों के शरीर के अंग अलग-अलग हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ जब डंपर (आरजे-14 जीपी 8724) लोहा मंडी पेट्रोल पंप की ओर से रोड नंबर 14 से हाईवे पर चढ़ रहा था। इसी दौरान उसने सामने से आ रही और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत डंपर चालक को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि चालक नशे में था। उसकी पहचान कल्याण मीणा, निवासी विराटनगर, के रूप में हुई है। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है और पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
झगड़े के बाद बिगड़ा संतुलन
पुलिस का कहना है कि हादसे से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले एक पेट्रोल पंप के बाहर डंपर चालक की एक कार सवार से कहासुनी हुई थी। इसके कुछ देर बाद उसने बेकाबू होकर वाहनों को टक्कर मारनी शुरू कर दी। हादसे के बाद डंपर की पिछली तरफ लिखा वाक्य “दम है तो पास कर, वर्ना बर्दाश्त कर” चर्चा का विषय बन गया।
लापरवाही पर कार्रवाई
हादसे के बाद ट्रैफिक पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा। देर रात डीसीपी ट्रैफिक सुमित मेहरड़ा ने ट्रैफिक पुलिस सीआई राजकिरण, एएसआई राजपाल सिंह और कॉन्स्टेबल महेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
गंभीर घायलों का इलाज जारी
घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, वहीं मौके पर राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।




