बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार शाम एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गेवरा रोड–बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन की एक बोगी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गई। हादसा इतना भीषण था कि कई यात्रियों के मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, गेवरा रोड से बिलासपुर के लिए रवाना हुई मेमू लोकल ट्रेन शाम करीब चार बजे लाल खदान के पास मालगाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के दोनों ओर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई और घटनास्थल पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
रेलवे ने दी प्रारंभिक जानकारी
दुर्घटना पर रेलवे ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए हादसे की पुष्टि की, हालांकि अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई है। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विपुल पुष्कर विलासराव ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार दो लोगों के घायल होने की खबर है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव दल को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है और वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
गेवरा रोड–बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन के बारे में
मेमू लोकल ट्रेन नंबर 68733 रोजाना गेवरा रोड से दोपहर 1:20 बजे रवाना होती है और लगभग 2 घंटे 30 मिनट में बिलासपुर जंक्शन पहुंचती है। यह ट्रेन कुल 97.5 किलोमीटर की दूरी तय करती है और मार्ग में 13 स्टेशनों पर रुकती है। हादसा बिलासपुर स्टेशन से कुछ किलोमीटर पहले लाल खदान क्षेत्र में हुआ, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। रेलवे ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।




