रायपुर। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 5 नवम्बर को राजनांदगांव में आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त के रूप में 647 करोड़ 28 लाख 36 हजार 500 रुपये की राशि लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करेंगे। इस किश्त का लाभ 69 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा।
इन लाभार्थी महिलाओं में 7,658 महिलाएं बस्तर संभाग के उन गांवों की हैं, जो पिछले 22 महीनों में माओवाद उन्मूलन अभियान के तहत माओवादी प्रभाव से मुक्त हुए हैं। इन महिलाओं को पहली बार इस योजना का लाभ मिलेगा।
महतारी वंदन योजना की शुरुआत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने इस योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को हर माह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
अब तक 20 किश्तों में महिलाओं को कुल 13,024 करोड़ 40 लाख रुपये की राशि दी जा चुकी है। आगामी 21वीं किश्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 13,671 करोड़ 68 लाख रुपये तक पहुंच जाएगा। सरकार का कहना है कि यह योजना प्रदेश की महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।




