दुर्ग। भिलाई के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर ट्रक से 320 लीटर डीजल लूट लिया। घटना उमदा रोड स्थित ठाकुर पेट्रोल पंप के पास बीती रात हुई। तीन अज्ञात आरोपी सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में आए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
ट्रक चालक को दी धमकी
ट्रक चालक नारायण ट्रक केबिन में सो रहा था। टंकी का लॉक टूटने की आवाज सुनकर उतरा तो तीन युवक डीजल निकालते दिखे। रोकने पर आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर धमकाया। डर से चालक पीछे हट गया और बदमाशों ने 320 लीटर डीजल लूट लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
ट्रक मालिक सुमित सिंह ने पुरानी भिलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 393 के तहत मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में डीजल चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन हथियारबंद लूट पहली बार हुई। पुलिस ने वाहन चालकों से रात में सुनसान जगहों पर वाहन खड़ा न करने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है।




