अमेरिका ने दक्षिण अफ्रीका जी-20 शिखर सम्मेलन का किया बहिष्कार, सामने आई ये वजह

वाशिंगटन। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को घोषणा की कि इस वर्ष दक्षिण अफ्रीका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में कोई भी अमेरिकी सरकारी अधिकारी भाग नहीं लेगा। ट्रंप ने इसका कारण देश में श्वेत अफ्रीकानर किसानों के साथ कथित दुर्व्यवहार बताया।

उपराष्ट्रपति वेंस भी नहीं जाएंगे

ट्रंप पहले ही सम्मेलन में शामिल न होने की घोषणा कर चुके थे। उनकी जगह उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भेजने की योजना थी, लेकिन अब वेंस भी दक्षिण अफ्रीका नहीं जाएंगे। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि जी-20 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में होना अपमानजनक है। उन्होंने श्वेत किसानों पर हिंसा, हत्या और उनकी जमीन-खेत जब्ती का आरोप लगाया।

दक्षिण अफ्रीका ने आरोप खारिज किए

ट्रंप प्रशासन लंबे समय से दक्षिण अफ्रीकी सरकार पर अल्पसंख्यक श्वेत किसानों के उत्पीड़न की अनुमति देने का आरोप लगाता रहा है। राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया। उन्होंने कहा कि श्वेतों का जीवन स्तर अश्वेतों से काफी ऊंचा है और रंगभेद प्रणाली खत्म होने के तीन दशक बाद भी भेदभाव के दावे निराधार हैं।

इस सप्ताह मियामी में भाषण के दौरान ट्रंप ने कहा था कि दक्षिण अफ्रीका को जी-20 से बाहर कर देना चाहिए। शिखर सम्मेलन 22-23 नवंबर को जोहान्सबर्ग में होना है।

Related Post