ग्वालियर से धर दबोचा गया रायपुर का कुख्यात बदमाश वीरेंद्र तोमर, पुलिस ने निकाला जुलूस, बेहोश होकर गिरा हिस्ट्रीशीटर

रायपुर। राजधानी रायपुर की पुलिस ने सूदखोरी, रंगदारी और अवैध हथियार रखने के आरोपों में फरार चल रहे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र तोमर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में घेराबंदी कर इस खतरनाक अपराधी को पकड़ने में सफलता हासिल की। यह गिरफ्तारी रायपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

शनिवार को पुलिस टीम वीरेंद्र तोमर को लेकर रायपुर पहुंची। उसे पहले सिविल लाइन थाना से पुरानी बस्ती थाना लाया गया, जहां से भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मठपारा क्षेत्र में उसका जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान पूरे इलाके में भारी भीड़ और पुलिस का पहरा देखने को मिला।

इसी दौरान वीरेंद्र तोमर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे संभाला और तुरंत वाहन में बैठाकर थाने ले गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वीरेंद्र तोमर पर रायपुर समेत कई जिलों में सूदखोरी, रंगदारी व अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है।

फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और साथियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Post