स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बड़ा बदलाव किया है। टीम ने इतिहास के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर को रिलीज कर दिया है। इसके साथ ही 11 साल तक KKR का हिस्सा रहे आंद्रे रसेल को भी रिलीज किया गया है। पिछले साल मेगा ऑक्शन में KKR ने वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ रुपए में खरीदा था, जबकि आंद्रे रसेल 12 करोड़ रुपए में रिटेन किए गए थे।
आईपीएल कमेटी ने शनिवार को सभी टीमों की रिटेन, रिलीज और ट्रेड लिस्ट जारी कर दी। रिलीज किए गए खिलाड़ी 16 दिसंबर को UAE के अबु धाबी में होने वाले मिनी ऑक्शन में नीलामी के लिए उपलब्ध होंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मथीश पथिराना, डेवोन कॉन्वे और रचिन रवींद्र को रिलीज किया। इसके अलावा, रवींद्र जडेजा और सैम करन को RR के साथ ट्रेड किया गया, जबकि RR ने अपने कप्तान संजू सैमसन को CSK के साथ जोड़ने का फैसला किया। ये सभी डील कैश डील के रूप में हुई।
Read Also- पुलिस भर्ती का बिगुल: चार जिलों में 526 पदों पर सीधी भर्ती, 17 नवंबर से होगा ट्रेड टेस्ट
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 8 खिलाड़ियों को रिलीज किया है। टीम के पास मिनी ऑक्शन के लिए 16.4 करोड़ रुपए की पर्स लिमिट है। पंजाब और गुजरात ने क्रमशः 5-5 खिलाड़ी रिलीज किए हैं। इन दोनों टीमों के पास क्रमशः 11.5 और 12.9 करोड़ रुपए बचे हैं।
मुंबई इंडियंस ने भी अपने 8 खिलाड़ियों को रिलीज किया। इसके अलावा, शार्दूल ठाकुर, शेरफन रदरफोर्ड और मयंक मार्कंडेय को ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया, जबकि अर्जुन तेंदुलकर को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड किया गया। मुंबई के पास अब 2.75 करोड़ रुपए का पर्स बचा है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 खिलाड़ी रिलीज किए और मोहम्मद शमी को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड किया। SRH के पास 25.5 करोड़ रुपए बचे हैं। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने 6 खिलाड़ी रिलीज किए और डेनेवान फेरेरा को ट्रेड किया। दिल्ली के पर्स में अब 21.8 करोड़ रुपए हैं।
Read Also- सुप्रीम कोर्ट का फैसला: तलाकशुदा मुस्लिम महिलाओं को मिलेगी विवाह के समय दी गई सारी संपत्ति
सबसे ज्यादा बदलाव KKR ने किए हैं। टीम ने वेंकटेश अय्यर और आंद्रे रसेल के अलावा मोइन अली, डिकॉक और गुरबाज जैसे बड़े खिलाड़ियों को भी रिलीज किया। साथ ही मयंक मार्कंडेय को ट्रेड के जरिए लखनऊ भेजा। KKR के पास मिनी ऑक्शन के लिए सबसे ज्यादा 64.3 करोड़ रुपए हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने 6 खिलाड़ियों को रिलीज किया और मोहम्मद शमी और अर्जुन तेंदुलकर को अपने साथ जोड़ा। वहीं, शार्दूल ठाकुर को टीम से छोड़ दिया। CSK ने 9 खिलाड़ी रिलीज किए, जिसमें जडेजा और करन को छोड़कर संजू सैमसन को अपने खेमे में शामिल किया। CSK के पास अब 43.4 करोड़ रुपए हैं। राजस्थान रॉयल्स ने 7 खिलाड़ियों को रिलीज किया, और टीम के पास 16.05 करोड़ रुपए बची हुई है।




