नेशनल डेस्क। पटना एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस की लगातार उड़ानें रद्द होने का असर साफ नजर आया। बड़ी संख्या में यात्रियों को न सिर्फ अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी, बल्कि दूसरी एयरलाइंस में सीटें मिलना भी मुश्किल हो गया। अचानक मांग बढ़ने से प्रमुख रूटों पर हवाई किराए में भारी उछाल देखने को मिला।
शनिवार को पटना–दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा प्रभाव दिखा। स्पाइसजेट की रात 9:40 बजे वाली दिल्ली फ्लाइट का किराया बढ़कर 60,000 रुपये तक पहुंच गया, जो सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली उड़ान का किराया भी बढ़कर 20,000 रुपये हो गया है।
Read Also- महिला टेलर से की गई अश्लील डिमांड, मना किया तो युवक ने दी अपहरण की धमकी, FIR दर्ज
अन्य शहरों के लिए भी किराए में अप्रत्याशित वृद्धि देखी गई। शनिवार को पटना–चेन्नई रूट का किराया 41,000 रुपये से अधिक रहा, जबकि रविवार को यह 46,000 रुपये पार कर गया। वहीं पटना–मुंबई की फ्लाइट का किराया रविवार को 46,000 रुपये से शुरू होकर 90,000 रुपये तक पहुंच गया।
यात्रियों का कहना है कि अचानक किराए बढ़ने से यात्रा करना बेहद मुश्किल हो गया है और उन्हें मजबूरी में महंगी टिकटें खरीदनी पड़ रही हैं।




