लोकसभा में आज ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष चर्चा, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे शुरुआत

लोकसभा में आज ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष चर्चा, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे शुरुआत
लोकसभा में आज ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष चर्चा, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे शुरुआत

नेशनल डेस्क। संसद के शीतकालीन सत्र में सोमवार का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। लोकसभा में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष चर्चा आयोजित की गई है, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस महत्वपूर्ण बहस के लिए 10 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। चर्चा वर्षभर चलने वाले उन कार्यक्रमों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित और जदुनाथ भट्टाचार्य द्वारा संगीतबद्ध इस गीत के इतिहास, महत्व और इसके अनजाने पहलुओं को सामने लाना है।

प्रधानमंत्री मोदी के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सदन में दूसरे वक्ता होंगे। कांग्रेस की ओर से उपनेता गौरव गोगोई और प्रियंका गांधी वाड्रा बहस में भाग लेंगी। इनके अलावा दीपेंद्र हुड्डा, बिमोल अकोईजाम, प्रणीति शिंदे, प्रशांत पडोले, किरण चमाला रेड्डी और ज्योत्सना महंत भी अपनी बात रखेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में कांग्रेस पर 1937 में ‘वंदे मातरम्’ के प्रमुख छंद हटाने और इससे जुड़े विवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। इसी महीने प्रधानमंत्री ने राष्ट्रगीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वर्षभर चलने वाले आयोजनों की शुरुआत भी की थी।

Read Also-  सिगरेट-पान मसाला के शौकीन अब चुकाने होंगे ज्यादा पैसे, जाने क्या है कारण

राज्यसभा में मंगलवार से शुरू होगी चर्चा, गृह मंत्री अमित शाह करेंगे नेतृत्व
राज्यसभा में इस विषय पर चर्चा मंगलवार से शुरू होगी। गृह मंत्री अमित शाह सदन में बहस की शुरुआत करेंगे, जबकि स्वास्थ्य मंत्री और सदन के नेता जेपी नड्डा दूसरे वक्ता होंगे। अधिकारियों का कहना है कि चर्चा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के कई ऐतिहासिक और कम ज्ञात पहलुओं को उजागर किया जाएगा।

लोकसभा में चुनाव सुधारों पर भी बहस
लोकसभा में मंगलवार और बुधवार को चुनाव सुधारों पर विस्तृत चर्चा होगी, जिसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित कई पहलुओं पर विचार किया जाएगा। राज्यसभा में इस मुद्दे पर चर्चा बुधवार और गुरुवार को होगी। शीतकालीन सत्र के पहले दो दिन विपक्षी दलों के विरोध के चलते SIR पर कार्यवाही बाधित रही थी।

चुनाव सुधारों पर लोकसभा में कांग्रेस की ओर से नेता राहुल गांधी बुधवार को अपने विचार रखेंगे। इनके साथ के.सी. वेणुगोपाल, मनीष तिवारी, वर्षा गायकवाड़, मोहम्मद जावेद, उज्ज्वल रमन सिंह, ईसा खान, रवि मल्लू, इमरान मसूद, गोवाल पदवी और ज्योतिमणि भी अपने-अपने पक्ष रखेंगे।

राज्यसभा में विपक्ष की ओर से खरगे होंगे प्रमुख वक्ता
राज्यसभा में तीन दिनों तक चलने वाली इन चर्चाओं में विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे हिस्सा लेंगे।

Related Post