बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने सड़क ठेकेदार इम्तियाज अली की बेरहमी से हत्या कर दी। इम्तियाज अली, जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे, लंबे समय से नारायणपुर जिले के धौड़ाई इलाके में रहकर सड़क निर्माण के काम में संलग्न थे।
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले नक्सलियों ने ठेकेदार के जेसीबी मशीन के मुंशी का अपहरण कर लिया था। जब इम्तियाज अली मुंशी को छुड़ाने पहुंचे, तो नक्सलियों ने रास्ते में ही उनकी गला रेतकर हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया।
नक्सलियों ने बाद में मुंशी को रिहा कर दिया। मुंशी ने पुलिस और मृतक के परिजनों को पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। परिजनों की सूचना के बाद पामेड़ पुलिस ने घटनास्थल का पता लगाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया और शव बरामद किया।
मृतक के पास से मिले पर्चे में पामेड़ एरिया कमेटी ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। बताया जा रहा है कि यह हमला प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रासपल्ली से पीनाचंदा तक चल रहे 18 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के विरोध में किया गया।
बीजापुर एसपी जितेन्द्र यादव ने कहा कि इलाके में नक्सली पहले भी सड़क निर्माण का विरोध कर धमकी भरे पोस्टर चिपका चुके हैं। सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।




