रायपुर। राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन का संकट लगातार गहराता जा रहा है। सोमवार सुबह 11 बजे तक रायपुर से उड़ान भरने वाली 6 फ्लाइटें रद्द हो चुकी थीं, जिनमें 5 इंडिगो एयरलाइंस की थीं। रद्द उड़ानों में मुंबई के लिए 2, हैदराबाद के लिए 2 और बेंगलुरु के लिए 1 फ्लाइट शामिल है। इस वजह से यात्रियों का दबाव अब ट्रेनों और बसों पर बढ़ गया है।
इसी समय रायपुर आने वाली 5 फ्लाइटें भी रद्द हो गई हैं, जिनमें से 4 इंडिगो की थीं। इनमें से तीन हैदराबाद और एक बेंगलुरु से आने वाली थी। अधिकारियों के अनुसार दिनभर में और भी उड़ानें कैंसिल, डायवर्ट या डिले हो सकती हैं।
सिर्फ तीन दिनों में कुल 54 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जिससे हजारों यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इसके बावजूद यात्रियों को न तो एयरलाइन से न ही एयरपोर्ट प्रबंधन से कोई स्पष्ट जानकारी मिल रही है।
यात्री बताते हैं कि अचानक फ्लाइट रद्द होने से उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग वैकल्पिक यात्रा के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं, जबकि समस्या की वजह और इसे सुलझाने के प्रयासों के बारे में अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।




