परमानंद वर्मा. रायपुर। खरोरा-आरंग मुख्य मार्ग पर स्थित दुर्गा भोजनालय के समीप रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। चावल से भरे हुए ट्रक में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसकी लपटों ने कुछ ही मिनटों में ट्रक के केबिन को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि केबिन जलकर पूरी तरह खाक हो गया। आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही बजरंग केमिकल डिस्टिलरी कंपनी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, नहीं तो आग पीछे स्थित चावल की बोरियों तक फैल जाती और बड़ा नुकसान हो सकता था।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही आरंग पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आग की भनक मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर बड़ी संख्या में एकत्र हो गए, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




