इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में कुलपति नियुक्ति को लेकर ABVP का विरोध प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में कुलपति नियुक्ति को लेकर ABVP का विरोध

खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में रविवार को कुलपति के पद पर प्रो. लवली शर्मा की नियुक्ति के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने देर रात तक जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के दोनों मुख्य द्वारों पर ABVP कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, लेकिन किसी प्रकार की झड़प की स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग नहीं किया।

प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक अधिकारी भी रातभर डटे रहे। रात में कुलपति प्रो. लवली शर्मा से बैठक की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बन सकी। सुबह होते ही खैरागढ़ के एडीएम एवं प्रभारी कुलसचिव प्रेम कुमार पटेल प्रदर्शनकारियों से मिले, जिसके बाद ABVP ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर अपना आंदोलन समाप्त किया।

Read Also-    तांदुला नहर में डूबे मंत्रालय के दो कर्मचारी: एक का फिसला पैर, दूसरा बचाने कूदा, दोनों लापता 

प्रो. लवली शर्मा की नियुक्ति रद्द करने की मांग
ABVP द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्रो. लवली शर्मा के खिलाफ पूर्व में कई गंभीर आरोप लगे हैं। वे मध्य प्रदेश के ग्वालियर विश्वविद्यालय में संगीत एवं ललित कला संकाय की डीन रही हैं, जहां उनके कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच अभी भी जारी है। ABVP के प्रदेश सहमंत्री अमन बृज नामदेव द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन में विश्वविद्यालय की गरिमा और शुचिता की रक्षा हेतु उनकी नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की गई है।

परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा, जिसमें खैरागढ़ बंद से लेकर प्रदेश बंद तक की तैयारी की जा रही है।

Read Also-  हाईकोर्ट का फैसला: संविदा कर्मियों को मातृत्व अवकाश के दौरान मिलेगा वेतन 

संघ संगठनों के बीच समन्वय पर सवाल
इस आंदोलन ने भाजपा और संघ परिवार के आंतरिक समन्वय पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, बीती रात से ही प्रदेश स्तर के संघ और परिषद कार्यकर्ताओं के बीच इस आंदोलन को लेकर बातचीत जारी थी। हालांकि, आंदोलन की शुरुआत को लेकर स्पष्टता का अभाव देखा गया। बताया जा रहा है कि परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री के हस्तक्षेप के बाद आंदोलन को फिलहाल विराम दिया गया है।

क्या होगा आगे का कदम?
प्रशासन ने ABVP से ज्ञापन प्राप्त कर लिया है, लेकिन आगे इस पर क्या कार्रवाई होगी, यह देखने वाली बात होगी। मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है और यदि समय रहते कोई समाधान नहीं निकला, तो यह एक बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।

Related Post