अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर की कई मुख्य सड़कों और मोहल्लों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि अब आम नागरिकों के घर ही नहीं, बल्कि मंत्रियों के आवास भी इसकी चपेट में आ गए हैं।
गांधी चौक स्थित प्रदेश के नवनियुक्त मंत्री राजेश अग्रवाल के शासकीय आवास में भी बारिश का पानी लबालब भर गया। बंगले के अंदर घुसे पानी को निकालने के लिए नगर निगम की टीम ने मोटर पंप लगाकर देर रात तक पानी बाहर निकाला।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि थोड़ी-सी तेज बारिश होते ही अंबिकापुर के अधिकांश इलाके तालाब में तब्दील हो जाते हैं। लोगों ने नगर निगम के ड्रेनेज सिस्टम पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि अगर मंत्री आवास की यह स्थिति है, तो आम जनता की परेशानी का अंदाज़ा आसानी से लगाया जा सकता है।




