अयोध्या दीपोत्सव 2025: 26 लाख दीपों से जगमगाई रामनगरी, बना विश्व रिकॉर्ड

अयोध्या। भगवान श्रीराम की नगरी दीपोत्सव की भव्य रोशनी से आलोकित हो उठी। यह दीपोत्सव का नौवां संस्करण था, जिसकी शुरुआत वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी। पहले वर्ष 1.71 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए थे, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 26 लाख से अधिक हो गई। राम की पैड़ी से लेकर सरयू तट तक के सभी 56 घाट दीपों की रौशनी में ऐसे नहाए हुए थे जैसे मानो आकाश के सितारे धरती पर उतर आए हों।

इस वर्ष दीपोत्सव में दो विश्व रिकॉर्ड स्थापित हुए। पहला रिकॉर्ड 26,70,215 दीप जलाने का और दूसरा 2128 अर्चकों द्वारा एकसाथ मां सरयू की महाआरती करने का रहा। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम इस अवसर पर अयोध्या में मौजूद रही और इन उपलब्धियों को दर्ज किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाणपत्र ग्रहण किया।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे और पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूपों की अगवानी की। इसके बाद राम जानकी वंदना और भरत मिलाप का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने रामकथा पार्क के मंच पर भगवान श्रीराम का राजतिलक किया।

श्रीराम राज्याभिषेक समारोह के दौरान रामकथा पार्क जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और गुरु वशिष्ठ का तिलक कर माल्यार्पण किया और आरती उतारी। इसके पश्चात उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए, दीप प्रज्ज्वलित किया और सरयू की महाआरती में शामिल हुए।

Related Post