इस्लामी संगठनों के दबाव में झुकी बांग्लादेश सरकार ? संगीत और शारीरिक शिक्षा के शिक्षक पद हटाए गए

ढाका। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पर सांस्कृतिक और शैक्षणिक स्वतंत्रता से समझौता करने का आरोप लगा है। नोबेल पुरस्कार विजेता और अंतरिम प्रधानमंत्री मुहम्मद यूनुस की सरकार ने प्राथमिक स्कूलों में संगीत और शारीरिक शिक्षा के शिक्षक पदों की भर्ती योजना रद्द कर दी।

सरकार का यह कदम इस्लामी संगठनों के दबाव के बाद आया, जिनमें हेफाजत-ए-इस्लाम और इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश शामिल हैं। इन संगठनों ने इन विषयों को गैर-इस्लामी बताते हुए विरोध प्रदर्शन की धमकी दी थी।

यूनुस प्रशासन ने पहले चार श्रेणियों में सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था: सामान्य, धार्मिक, संगीत और शारीरिक शिक्षा। इसे बच्चों की समग्र शिक्षा की दिशा में एक प्रगतिशील कदम माना जा रहा था।

लेकिन बाद में शिक्षा मंत्रालय ने चुपचाप नियम संशोधित कर संगीत और शारीरिक शिक्षा के पद हटा दिए। सरकारी प्रवक्ता मसूद अख्तर खान ने कहा कि इतने कम पदों से बड़ा परिणाम नहीं निकलता। आलोचकों ने इसे इस्लामी लॉबी के दबाव में झुकने का उदाहरण बताया।

Related Post