सोनीपत। राई विधानसभा क्षेत्र में बोगस वोट बनाए जाने के कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आरोपों ने बुधवार को राजनीति में हलचल पैदा कर दी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि राई के 10 बूथों के 22 वोटों पर ब्राजीलियन मॉडल की फोटो लगाकर फर्जी वोट बनाए गए हैं। जांच में 22 में से 14 वोटरों ने दावा किया कि उनके वोटर कार्ड में गलत फोटो छपी थी और उन्होंने चुनाव में वोट डाला। आठ वोटरों से संपर्क नहीं हो पाया, जिससे सूची पर सवाल उठे।
कांग्रेस की ओर से मुहैया कराई गई मतदाता सूची के अनुसार, मच्छरौला, मुरथल, अकबरपुर बारोटा, कुंडली, खेड़ी मनाजात और सेरसा के 10 मतदान केंद्रों में ब्राजीलियन मॉडल की फोटो का इस्तेमाल किया गया था। नाहरी गांव में जिस मकान नंबर पर मॉडल की फोटो वाला वोट दिखाया गया, वहां एक अन्य वोट मिला जिसमें महिला का नाम, उम्र और पति का नाम समान थे, केवल वोट संख्या बदल गई थी।
स्थानीय मतदाताओं ने बताया कि उनके वोटर कार्ड में गलत फोटो होने के बावजूद उन्होंने मतदान किया। मच्छरौला की पिंकी, मुरथल की रश्मि, सेरसा की अंगूरी, प्याऊ मनियारी की कविता और अन्य मतदाताओं ने कहा कि उन्होंने वोट डाला, लेकिन कार्ड पर अन्य महिला की फोटो छपी थी।
चुनाव तहसीलदार दिनेश कुमार ने कहा, “सभी वोट ऑनलाइन बनाए जाते हैं। आवेदक द्वारा डाली गई जानकारी और दस्तावेजों का मिलान किया जाता है। शिकायत मिलने पर इसकी जांच की जाती है। अब मामले की जांच की जाएगी कि इसमें कितनी सच्चाई है।”
राई विधानसभा क्षेत्र से हारे हुए कांग्रेस प्रत्याशी जयभगवान आंतिल ने कहा कि भाजपा की वोट चोरी पकड़ी गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्रमाण सहित बोगस वोटों की सूची जारी कर दी है। आंतिल ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का ऐलान किया।




