रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का मौसम अब धीरे-धीरे खत्म होने की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी दर्ज की जा सकती है। वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, लेकिन यह सिलसिला अधिक समय तक जारी नहीं रहेगा।
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। वहीं, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
विशेष रूप से कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, मनेन्द्रगढ़ और जशपुर में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश होने की भी संभावना है। रायपुर में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मानसून के समापन के साथ ही ठंड ने भी दस्तक देना शुरू कर दी है और आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के संकेत मिल रहे हैं।




