रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने अगस्त में आयोजित दूसरी परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए हैं। 12वीं कक्षा में 46.28% और 10वीं कक्षा में 30.02% विद्यार्थी सफल हुए हैं। वहीं अब तीसरी परीक्षा नवंबर-दिसंबर में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है।
इस साल ओपन स्कूल ने पहली बार साल में तीन बार परीक्षा आयोजित करने की व्यवस्था की है। मार्च-अप्रैल में पहली और अगस्त में दूसरी परीक्षा ली गई थी। 12वीं कक्षा की परीक्षा में 15,036 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 14,269 शामिल हुए। कुल 11,718 विद्यार्थियों का परिणाम जारी किया गया, जिनमें से 46.28% पास हुए। इनमें 903 प्रथम, 2,168 द्वितीय और 2,247 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं।
10वीं परीक्षा के लिए 19,249 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 17,834 ने परीक्षा दी। कुल 17,821 विद्यार्थियों का परिणाम घोषित किया गया, जिनमें 30.02% पास हुए। 749 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 2,008 ने द्वितीय और 2,554 ने तृतीय श्रेणी में सफलता हासिल की।
फेल विद्यार्थियों को अगली परीक्षा में मौका मिलेगा। ओपन स्कूल ने बताया कि अनुत्तीर्ण विद्यार्थी नवंबर-दिसंबर की परीक्षा में पुनः शामिल हो सकते हैं। वे बिना विलंब शुल्क 15 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि सामान्य आवेदन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर तय की गई है।




