नई दिल्ली। देश में मौसम ने तेजी से बदलाव लिया है। उत्तर भारत में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ेगी, वहीं तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरा है। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, साथ ही कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, रायलसीमा, उत्तर तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश रही। मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में भी हल्की बारिश हुई।
अगले 24 घंटों में केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। तमिलनाडु, दक्षिण कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से बहुत हल्की बारिश रहने का अनुमान है। पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार से मौसम में बदलाव देखा गया है। हवा की गुणवत्ता खराब होने से लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तेज हवाएं चलेंगी और ठंड का अहसास बढ़ेगा। फिलहाल, दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश के जिलों में हल्की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सुबह और रात में ठंड और कोहरा बढ़ेगा। हालांकि, प्रदेश में कोहरे की कोई गंभीर संभावना नहीं है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी है। पहाड़ी इलाकों में बर्फ की सफेद चादर दिखाई दे रही है, जिससे मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है।




