कांग्रेस की मांग: छत्तीसगढ़ में 1 नवंबर से शुरू हो धान खरीदी, दीपक बैज बोले- सरकार 3,286 रुपये के समर्थन मूल्य पर करे धान की खरीदी

कांग्रेस की मांग: छत्तीसगढ़ में 1 नवंबर से शुरू हो धान खरीदी, दीपक बैज बोले- सरकार 3,286 रुपये के समर्थन मूल्य पर करे धान की खरीदी
कांग्रेस की मांग: छत्तीसगढ़ में 1 नवंबर से शुरू हो धान खरीदी, दीपक बैज बोले- सरकार 3,286 रुपये के समर्थन मूल्य पर करे धान की खरीदी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। हालांकि, इस निर्णय पर राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू की जानी चाहिए।

बैज ने धान के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल है, जिसे बढ़ाकर 3286 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए। उनके अनुसार, केंद्र सरकार दो बार एमएसपी बढ़ा चुकी है, इसलिए राज्य सरकार को भी किसानों के हित में कदम उठाना चाहिए।

गाय को राजमाता का दर्जा बयान पर कांग्रेस का पलटवार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गाय को राजमाता का दर्जा देने वाले बयान पर दीपक बैज ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का राजनीतिक प्रोपेगैंडा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य में लाखों गायों की मौत हो चुकी है, तो भाजपा यह बताए कि पांच लाख गाय आखिर कहां चली गईं?

कवर्धा विवाद पर बैज ने भाजयुमो को ठहराया जिम्मेदार
कवर्धा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजयुमो कार्यकर्ताओं की मारपीट के मामले पर भी बैज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन भाजयुमो नेताओं ने उनके साथ बदसलूकी की और मारपीट की। उन्होंने चेतावनी दी कि 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान कांग्रेस भी अपना विरोध दर्ज कराएगी।

मंत्री केदार कश्यप पर जवाबी हमला – पश्चाताप यात्रा तो भाजपा निकाले
मंत्री केदार कश्यप द्वारा कांग्रेस पर किए गए तंज पर बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि पश्चाताप यात्रा तो भाजपा को निकालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 15 साल सत्ता में रहते हुए किसानों से झूठे वादे किए और दो साल का बोनस भी नहीं दिया। जबकि कांग्रेस ने सत्ता में आते ही कर्ज माफी की और किसानों से किया हर वादा पूरा किया।

कांग्रेस में पारदर्शिता, भाजपा में पर्ची से बनते हैं मंत्री
कांग्रेस जिला अध्यक्ष चयन प्रक्रिया को लेकर भाजपा द्वारा उठाए गए सवालों पर बैज ने कहा कि कांग्रेस में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव हो रहा है। उन्होंने कहा, हमारे यहां पर्ची से मंत्री या मुख्यमंत्री नहीं बनते, पारदर्शिता हमारी पहचान है।

महिलाओं और युवाओं को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
बैज ने बताया कि, दीपावली से पहले पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट एआईसीसी को सौंप देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में महिलाओं और युवाओं को 50 प्रतिशत पदों पर प्राथमिकता देने की सोच है, जिससे संगठन और मजबूत होगा।

किसानों और बिजली बिल के मुद्दे पर सरकार को घेरा
भारतीय किसान संघ के प्रदर्शन और बिजली बिलों में बढ़ोतरी पर बैज ने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल रहा, बिजली बिल दोगुना हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भाजपा से जुड़े संगठन ही सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर रहे हैं, तो समझिए कि भाजपा के अंदर सब कुछ ठीक नहीं है।

Related Post