हेल्थ डेस्क। लौंग का उपयोग पूजा-अनुष्ठान से लेकर रसोई तक व्यापक रूप से किया जाता है। अपने तीखे स्वाद और सुगंध के अलावा यह औषधीय गुणों से भरपूर होती है। हेल्थलाइन के अनुसार, लौंग में फाइबर, मैंगनीज, विटामिन K सहित कई खनिज और शक्तिशाली जैविक यौगिक पाए जाते हैं, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, रोजाना केवल एक लौंग का सेवन करने से भी कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। लौंग में मौजूद जीवाणुनाशक तत्व मुंह के बैक्टीरिया को खत्म करते हैं और सांसों को ताजगी प्रदान करते हैं। यह मुंह के संक्रमण और दांत-मसूड़ों की समस्याओं को भी कम करती है, इसलिए कई आयुर्वेदिक टूथपेस्ट में इसका प्रयोग किया जाता है।
लौंग सर्दी और खांसी जैसी मौसमी बीमारियों में राहत देती है। इसमें मौजूद तत्व कफ को साफ करने में मदद करते हैं और इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं। नियमित सेवन से सर्दी-खांसी की संभावना कम होती है।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, लौंग में पाए जाने वाले यूजेनॉल और एसिटाइल यूजेनॉल तत्व ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने वाली प्रक्रिया ‘ग्लूकोज होमियोस्टेसिस’ को संतुलित करते हैं। यह डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
पबमेड में प्रकाशित एक शोध के अनुसार, लौंग में मौजूद यूजेनॉल लिवर को विषाक्त प्रभावों से बचाता है और पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है। इस प्रकार, रोजाना एक लौंग का सेवन समग्र स्वास्थ्य को बनाए रखने में सहायक होता है।




