राजनांदगांव में ईडी की बड़ी कार्रवाई, कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी

राजनांदगांव। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार सुबह प्रदेश में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। राजनांदगांव शहर में बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर ईडी की टीम ने तड़के पहुंचकर जांच की। बताया जा रहा है कि एजेंसी की टीम ने शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर यह कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर से करीब 10 वाहनों में आई ईडी अधिकारियों की टीम ने सुबह करीब 5:30 बजे से छापेमारी की शुरुआत की। कार्रवाई भारत माता चौक स्थित राधाकृष्ण अग्रवाल के निवास, सत्यम विहार कॉलोनी में यश और रोमिल नहाटा के घर तथा कामठी लाइन स्थित मनीष भंसाली के यहां की गई। टीम ने इन स्थानों पर दस्तावेजों की जांच की और कई अहम रिकॉर्ड जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई माइनिंग से जुड़े कारोबारियों, सप्लायर और ब्रोकर से संबंधित बताई जा रही है। हालांकि, ईडी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि छापेमारी किस विशेष मामले से जुड़ी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल सभी ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई जारी है।

Related Post