शीतल मंडल की खबर
रायघर। रायघर ब्लॉक स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कॉलेज में सोमवार को उड़ीसा के शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने निरीक्षण दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज परिसर का अवलोकन किया, छात्रों से संवाद किया और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री गोंड ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि, शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और आत्मनिर्भरता की दिशा में पहला कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने समय के सदुपयोग, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की भी अपील की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कॉलेज की व्यवस्थाओं, छात्रों को दी जा रही सुविधाओं तथा शिक्षण गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने संस्थान की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित तकनीकी संस्थान युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान देते हुए मंत्री गोंड ने कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने कहा, स्वस्थ पर्यावरण, स्वस्थ समाज की नींव है। प्रत्येक नागरिक को प्रकृति संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर कॉलेज के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, शिक्षिकाएं तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री ने शिक्षकों से भी संवाद कर शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विस्तृत चर्चा की।




