नई दिल्ली। प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव में दरभंगा की अलीनगर सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। माना जा रहा है कि मौजूदा विधायक मिश्रीलाल यादव का टिकट कटना लगभग तय है। मैथिली ठाकुर की लोकप्रियता और सोशल मीडिया पर मजबूत उपस्थिति को देखते हुए बीजेपी उन्हें अपने प्रचार अभियान का प्रमुख चेहरा भी बना सकती है। यदि उन्हें टिकट मिलता है, तो यह पहला मौका होगा जब बिहार की लोक-संस्कृति से जुड़ी कोई प्रसिद्ध गायिका सीधे राजनीति में कदम रखेंगी।
हाल ही में मैथिली ठाकुर ने बीजेपी के संगठन महासचिव विनोद तावड़े से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि बीजेपी नेताओं के साथ हुई बातचीत सकारात्मक रही है और वे एनडीए के समर्थन में हैं। मैथिली ने यह भी कहा था कि भले ही वह दिल्ली में काम करती हैं, लेकिन उनकी आत्मा बिहार से जुड़ी है और वे राज्य के विकास में योगदान देना चाहती हैं।
विनोद तावड़े ने 5 अक्टूबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मैथिली ठाकुर के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था कि “1995 में लालू राज आने पर जो परिवार बिहार छोड़ गए थे, उस परिवार की बिटिया मैथिली ठाकुर अब बदलते बिहार की रफ्तार देखकर वापस आना चाहती हैं।”




