रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली दौरे पर रवाना हुए। रायपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर INDIA गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर बड़ा बयान दिया। भूपेश बघेल ने कहा कि INDIA गठबंधन में सीटों को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों में सीटों का बंटवारा तय हो जाएगा। बघेल ने कहा कि सभी दलों के बीच सहमति बनाने का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।
धान खरीदी को लेकर सरकार पर साधा निशाना
कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में धान खरीदी की समीक्षा को लेकर चर्चा पर बघेल ने मौजूदा सरकार पर कड़ा तंज कसा। उन्होंने कहा कि, पिछले साल का धान अब तक नहीं उठ पाया है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि अब तक कितना धान बिका है और कितना डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) जारी हुआ है। पूर्व सीएम ने आगे कहा कि सरकार अपने बनाए नियमों की वजह से अधिकारियों पर बेवजह दबाव डाल रही है। पहले नियम था कि धान 72 घंटे में उठ जाना चाहिए, लेकिन अब उसे 3 महीने तक बढ़ा दिया गया है। ऐसे में कलेक्टर क्या कर सकता है? क्या वह अपने सिर पर धान लादकर ले जाएगा ?




